पलिया डाकखाने में कैश भुगतान बंद, रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोग परेशान
लखीमपुर खीरी Aug 18, 2026 at 06:10 PM , 12विश्वकांत त्रिपाठी
पलिया कलां लखीमपुर खीरी। पोस्ट आफिस पहुंचे डाक उपभोक्ताओं से यूपीआई करनें के निर्देश,भुगतान नहीं करने वाले लोगों को हुई परेशानी, घंटों काउंटर पर खड़े रहे उपभोक्ता,
पलिया डाकघर में सोमवार को रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट और पार्सल कराने पहुंचे लोगों को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब काउंटर पर नकद भुगतान लेने से मना कर दिया गया।
पोस्ट मास्टर पी एल राणा ने विभागीय आदेश का हवाला देते हुए उपभोक्ताओं से ऑनलाइन भुगतान करने को कहा, यूपीआई की सुविधा का इस्तेमाल न करने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।रजिस्ट्री काउंटर पर मौजूद अटल वर्मा ने उपभोक्ताओं को ऑनलाइन भुगतान करने के लिए कहा। उनका कहना था कि विभाग की ओर से आदेश है कि रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट और पार्सल का भुगतान ऑनलाइन ही लिया जाएगा।काउंटर पर मौजूद अमरीश अग्रवाल, रामानंद मित्तल और राजरानी समेत अन्य लोगों ने बताया कि वे दोपहर करीब 12 बजे से रजिस्ट्री काउंटर पर खड़े हैं, लेकिन कैश भुगतान स्वीकार न किए जाने के कारण उनका काम नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि वे यूपीआई का इस्तेमाल नहीं करते हैं, ऐसे में अचानक ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था लागू होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस संबंध में पोस्टमास्टर पीएल राणा ने बताया कि ऊपर से आदेश आया है कि रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट और पार्सल का भुगतान नकद नहीं लिया जाएगा। इसका भुगतान ऑनलाइन ही किया जाना है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के पास यूपीआई की सुविधा नहीं है, वे निर्धारित कीमत के टिकट खरीदकर उसे अपने पैकेट पर लगा सकते हैं। इस नियम के लागू होने पर जनता का कहना है कि जब टिकट बेंचने के लिए नगद कैश लिया जा रहा है तो रजिस्ट्री काउंटर पर आखिर क्यों नहीं। ऐसे में लोगों को दोगुना समय देना होगा, पहले उपभोक्ता टिकट खरीदे, उसके बाद लिफाफे पर चिपकाए, तब जाकर उसकी रजिस्ट्री होगी। लोगों का कहना है कि जब रजिस्ट्री काउंटर पर ये व्यवस्था लागू की गयी है तो टिकट के लिए आखिर क्यों नहीं, लोगों का कहना है कि या तो रजिस्ट्री काउंटर पर भी नगद कैश की व्यवस्था लागू की जाए, या फिर पूरा डाकखाना ही डिजिटल कर दिया जाए।































Comments