सपा जिला पंचायत सदस्य ने कई संस्थानो पर फहराया तिरंगा
लखीमपुर खीरी Aug 17, 2026 at 06:30 PM , 15गोला गोकर्णनाथ खीरी,
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को 139 विधानसभा गोला गोकरननाथ के गोला नगर क्षेत्र में विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं मदरसों में हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर मदरसा जियाउल कुरान, मदरसा इस्लामिया जूनियर हाई स्कूल एवं मदरसा जामिया आइसा मदीनतुल उलूम में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य वारिस अली अंसारी ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों एवं छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य वारिस अली अंसारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और कुर्बानी को याद करने का दिन है, जिनके बलिदान की बदौलत आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की के लिए शिक्षा, आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और एकता बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भारत की खूबसूरती उसकी गंगा-जमुनी तहजीब, अनेकता में एकता और आपसी भाईचारे में है। हम सभी को जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के लिए मिल-जुलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मेहनत और लगन के साथ शिक्षा प्राप्त कर देश और समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मदरसों में विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास तथा देश के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन कमेटी और छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।































Comments