जन-जन तक उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना ही सच्ची देश सेवा: सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता
लखीमपुर खीरी Aug 16, 2026 at 05:20 PM , 18अपने अधिकारों के साथ अपने दायित्व और कर्तव्यों को भी रखें याद- सीएमओ
लखीमपुर खीरी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज तिरंगे को सलामी दी और सभी को आजादी के इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के उपरांत आयोजित कार्यक्रम में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की छात्राओं और उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों ने राष्ट्र सेवा, स्वास्थ्य चेतना और देशभक्ति पर अपने विचार साझा किए तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने कहा कि "आज का यह दिन हमारे अमर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के असीम त्याग, संघर्ष व बलिदान को याद करने और उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लेने का दिन है।
एक स्वास्थ्यकर्मी के रूप में हमारा सबसे बड़ा धर्म और सच्ची देशभक्ति यह है कि हम समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाएं। विशेष रूप से हमारे एएनएम और मैदानी स्वास्थ्यकर्मी स्वास्थ्य ढांचे की सबसे मजबूत रीढ़ हैं, जिन पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की अहम जिम्मेदारी है। हम सभी को अपने कार्यक्षेत्र में निष्ठावान रहकर स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना होगा।"
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएम गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद वर्मा, डॉ. धनीराम भार्गव सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी एवं एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की छात्राएं मौजूद रहीं।































Comments