*विभाजन विभीषिका दिवस : विकास भवन में लगी प्रदर्शनी, तस्वीरों में दिखा बंटवारे का दर्द*
लखीमपुर खीरी Aug 14, 2026 at 06:51 PM , 21*विधायक, जिलाध्यक्ष और डीएम ने किया अवलोकन, त्रासदी में जान गंवाने वालों को मौन रखकर दी श्रद्धांजलि*
*विस्थापन का दंश झेलने वाले परिवारों को शाल ओढ़ाकर किया सम्मानित*
लखीमपुर खीरी 14 अगस्त। शुक्रवार को जिलेभर में "विभाजन विभीषिका दिवस" मनाया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में विकास भवन में आयोजित विभाजन विभीषिका दिवस प्रदर्शनी का विधायक सदर योगेश वर्मा, बीजेपी जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सीडीओ अभिषेक कुमार, अफसरों, जनसामान्य संग का अवलोकन किया। इस दौरान सीडीओ अभिषेक कुमार ने प्रदर्शनी के संबंध में जरूरी जानकारी दी।
प्रदर्शनी के बाद विकास भवन सभागार में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर विभाजन की त्रासदी में प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान माहौल पूरी तरह गंभीर और भावुक नजर आया। डीएम अंजनी कुमार सिंह और सीडीओ अभिषेक कुमार ने विभाजन की विभीषिका से प्रभावित परिवारों के पाल सिंह, अशोक तोलानी, सेवक सिंह अजमानी, अमरजीत सिंह अजमानी, गुरुदेव सिंह, निर्मल सिंह, ज्ञानी दलजीत सिंह, प्रजोत सिंह बग्गा, गुरूनाम सिंह, श्रवण सिंह, हरजीत सिंह, जरनैल सिंह और रंजीत सिंह छाबड़ा का माल्यार्पण कर शाल भेंटकर सम्मान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मानव विस्थापन और पलायन की हृदयविदारक गाथा को याद करने का अवसर है। भारत का विभाजन अभूतपूर्व मानव विस्थापन और पलायन की दर्दनाक कहानी है। विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि त्रासदी में अपना सब कुछ खो देने वाले असंख्य लोगों के संघर्ष और बलिदान को राष्ट्र नमन करता है।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि यह दिन विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वालों और विस्थापन का दंश झेलने वाले परिवारों को श्रद्धापूर्वक याद करने का अवसर है। उन्हें शत-शत नमन है। इतिहास केवल ज्ञान नहीं देता, बल्कि उससे सीख लेने का अवसर भी देता है। विभाजन की पीड़ा हमें संकल्प देती है कि भविष्य में किसी को ऐसी विभीषिका का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भारत आए विस्थापितों ने मेहनत और संकल्प से अपने जीवन को संवारा और आज उनकी बस्तियां समृद्ध क्षेत्रों में शामिल हैं। उनकी जीवटता प्रेरणादायी है।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि भारत विभाजन के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले लोगों की स्मृति और उस दौर में लाखों लोगों ने जो यातना, पीड़ा और वेदना झेली, उसे वर्तमान और भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें विभाजन की त्रासदी से सीख लेकर देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
बताते चलें कि शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने विकास भवन में विभाजन विभीषिका दिवस पर एक प्रदर्शनी का आयोजन किया। यह प्रदर्शनी डीएम अंजनी कुमार सिंह के मार्गदर्शन व सीडीओ अभिषेक कुमार की अगुवाई में डीपीआरओ विशाल सिंह द्वारा तैयार की गई। इस दौरान पीडी सतीश कुमार पाण्डेय, डीपीआरओ विशाल सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।































Comments