पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा पर दोबारा रवाना होंगे गोला के आशुतोष गुप्ता क्षेत्र में हर्ष का माहौल

लखीमपुर खीरी , 50

गोला खीरी:आध्यात्मिक और धार्मिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाने वाली पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाना हर शिव भक्त के जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य होता है। इस बेहद कठिन यात्रा पर वही जा पाता है जिसे भगवान भोलेनाथ स्वयं बुलाते हैं। लेकिन कुछ भक्त ऐसे होते हैं जिन पर महादेव की असीम कृपा होती है और वे अपनी असीम श्रद्धा, भक्ति एवं लगन के बल पर पुनः पावन कैलाश के दर्शन कर पाते हैं। ऐसे ही एक अनन्य भक्त हैं जनपद खीरी की 'छोटी काशी' गोला गोकर्णनाथ के सुप्रसिद्ध आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. आशुतोष गुप्ता, जिन्हें इस बार फिर पवित्र कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ है।स्वर्गीय विजय कुमार गुप्ता एवं श्रीमती शकुंतला देवी के सुपुत्र डॉ. आशुतोष गुप्ता गत वर्ष आठ जुलाई को उत्तराखंड के लिपुलेख दर्रे वाले मार्ग से 22 दिवसीय कैलाश मानसरोवर की पावन यात्रा पर गए थे। इस वर्ष वे 13 अगस्त को नेपाल वाले मार्ग से कैलाश मानसरोवर की पावन यात्रा पर जा रहे हैं। चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में स्थित कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील तक की पावन यात्रा के अंतर्गत कैलाश पर्वत की अति दुर्गम परिक्रमा भी करनी होती है। इस यात्रा में शून्य तापमान और ऑक्सीजन की कमी वाले क्षेत्र में 52-55 किलोमीटर पैदल चलना होता है, जिसे पूरा करने में लगभग तीन दिनों का समय लगता है।
भोलेनाथ के अनन्य भक्त डॉ. आशुतोष गुप्ता इससे पूर्व भी पवित्र कैलाश मानसरोवर सहित बाबा अमरनाथ बर्फानी, केदारनाथ, रामेश्वरम और बाबा महाकाल आदि प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों की यात्राएं कर चुके हैं।एक बार फिर पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा पर प्रस्थान से पूर्व डॉ. आशुतोष गुप्ता को उनके इष्ट मित्रों, परिवारजनों एवं विभिन्न समाजसेवियों द्वारा शुभकामनाएं देकर हर्षोल्लास के साथ रवाना किया जाएगा। उनके दोबारा इस पावन यात्रा पर जाने की खबर से स्थानीय शिव भक्तों और क्षेत्रवासियों में काफी खुशी का माहौल है।

Related Articles

Comments

Back to Top