पांच दिन से लापता दिव्यांग ऑटो चालक का सुराग नहीं आक्रोशित महिलाओं का एसपी दफ्तर पर जोरदार हंगामा

लखीमपुर खीरी , 17

अमर पाल सिंह 

लखीमपुर खीरी।सदर कोतवाली क्षेत्र से पांच दिन पहले लापता हुए 25 वर्षीय दिव्यांग ऑटो चालक विनीत कुमार का अब तक कोई सुराग न मिलने से परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।पुलिस की कार्यशैली से नाराज सैकड़ों की संख्या में महिलाओं और परिजनों ने शुक्रवार सुबह करीब 11:00 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर जोरदार हंगामा और नारेबाजी की। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में अपहरण की आशंका जताई है।

लावारिस मिला ऑटो,परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विनीत के गायब होने के बाद उसका ऑटो भंसड़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास लावारिस हालत में मिला था, जिसकी बैटरी भी गायब थी। परिजनों का आरोप है कि ऑटो की स्थिति को देखते हुए यह मामला सीधे तौर पर अपहरण का लग रहा था, लेकिन फरधान थाना पुलिस ने इस पहलू पर गंभीरता से जांच करने के बजाय घटना के 24 घंटे बाद केवल गुमशुदगी दर्ज कर औपचारिकता पूरी कर ली। प्रदर्शन के दौरान विनीत की मां का रो-रोकर बुरा हाल था, जो अपने बेटे की सकुशल बरामदगी के लिए गुहार लगा रही थीं।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एसपी ने विनीत की जल्द से जल्द सुरक्षित बरामदगी के लिए तुरंत 3 विशेष टीमों का गठन किया है। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही विनीत का पता लगा लिया जाएगा।कप्तान के इस ठोस आश्वासन के बाद परिजनों ने अपना धरना समाप्त किया। हालांकि, परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई और बरामदगी नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Related Articles

Comments

Back to Top