मेरा रेशम, मेरा अभिमान 2.0 अभियान से जुड़े किसान, वैज्ञानिकों ने बताए आय बढ़ाने के आधुनिक तरीके
लखीमपुर खीरी Aug 06, 2026 at 05:45 PM , 39मितौली खीरी। केंद्रीय रेशम बोर्ड की महत्वाकांक्षी योजना मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0 के तहत राजकीय रेशम फार्म शाहपुर जागीर में रेशम उत्पादक किसानों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर रेशम की आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम में केंद्रीय रेशम बोर्ड (सीएसआरटीआई, पम्पोर) के वैज्ञानिकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने किसानों को शहतूत की उन्नत खेती, जल एवं पोषक तत्व प्रबंधन, वैज्ञानिक तरीके से रेशम कीट पालन, लेट एज रियरिंग तथा रोग एवं कीट प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर किसान कम लागत में अधिक एवं गुणवत्तापूर्ण कोषा उत्पादन कर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय रेशम बोर्ड के वैज्ञानिक विपिन कुमार, तकनीकी विशेषज्ञ आशीष कुमार, राज्य रेशम विभाग के अधिकारी महेंद्र शंकर, शाहपुर जागीर के ग्राम प्रधान एडवोकेट अजीत सिंह तथा मीडिया प्रतिनिधि गौरव सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने कहा कि रेशम उत्पादन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है और सरकार किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।कार्यक्रम के दौरान किसानों ने रेशम उत्पादन से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया तथा भविष्य में भी तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के समापन पर किसानों ने वैज्ञानिक विधियों को अपनाकर रेशम उत्पादन बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया।































Comments