जनसुनवाई में 26 शिकायतें प्राप्त, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
लखीमपुर खीरी Aug 05, 2026 at 06:52 PM , 38नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने स्वयं सुनीं नागरिकों की समस्याएं
लखीमपुर-खीरी। नगर पालिका परिषद, लखीमपुर-खीरी कार्यालय में प्रत्येक बुधवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई के अंतर्गत बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने स्वयं उपस्थित होकर नगरवासियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें निर्माण विभाग की 12, साफ-सफाई विभाग की 8, जलकल विभाग की 4, गृहकर एवं जलकर विभाग की 1 तथा अतिक्रमण विभाग की 1 शिकायत शामिल रही।शिकायतों में सड़क एवं नाली निर्माण, नाली मरम्मत, सड़क समतलीकरण, विशेष सफाई व्यवस्था, पार्कों की सफाई, पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन लीकेज, हैंडपंप मरम्मत, कर संबंधी समस्याएं, नामांतरण तथा अतिक्रमण हटवाने की मांग प्रमुख रूप से सामने आई।निर्माण विभाग से संबंधित प्रकरणों पर नगर पालिका अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिकांश कार्यों के लिए स्थल निरीक्षण, तकनीकी परीक्षण, आगणन तैयार करने, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति तथा निविदा प्रक्रिया पूर्ण करना आवश्यक होता है। उन्होंने ऐसे मामलों का निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप लगभग छह माह के भीतर सुनिश्चित करने तथा सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।डॉ. इरा श्रीवास्तव ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर उसका प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक बुधवार आयोजित जनसुनवाई में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उनका शीघ्र निस्तारण कराया जा सके।इस अवसर पर जेई (सिविल) समरा सईद, जेई (जलकल) जितेन्द्र, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक विशाल शुक्ला एवं मुरारी लाल, लिपिक देवशीष मुखर्जी, अभय सक्सेना, निर्माण लिपिक यतेंद्र बहादुर तथा सर्वेयर अमित सोनी सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।































Comments