बाबा साहब को साक्षी मानकर दंपति ने रचाया गंधर्व विवाह, बौद्ध भिक्षु ने दिया आशीर्वाद

लखीमपुर खीरी , 40

मितौली खीरी। तहसील क्षेत्र के मैगलगंज थाना अंतर्गत लालपुर स्थित यशोधरा बौद्ध विहार में गुरुवार को एक दंपति ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को साक्षी मानते हुए गंधर्व विवाह किया। विवाह के उपरांत दोनों ने बौद्ध भिक्षु का आशीर्वाद प्राप्त कर दाम्पत्य जीवन की नई शुरुआत की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरदोई जनपद के पिहानी क्षेत्र स्थित ग्राम निजामपुर निवासी सालिक राम (पुत्र बाबू राम) की पहली पत्नी लगभग 12 वर्ष पूर्व छोड़ कर कहीं चली गई थी।पत्नी के चले जाने के बाद  शाहजहांपुर जनपद के थाना सेरामऊ क्षेत्र के ग्राम दादऊ निवासी रंजना देवी (पुत्री रामदीन) उनके परिवार के साथ रहकर बच्चों की देखभाल करती थीं।
बताया गया कि दोनों के साथ रहने को लेकर गांव एवं समाज के कुछ लोग आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे। इसी को देखते हुए दोनों ने अपने संबंध को सामाजिक मान्यता देने का निर्णय लिया। गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को लालपुर स्थित यशोधरा बौद्ध विहार में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को साक्षी मानकर एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और गंधर्व विवाह रचाया।
विवाह के बाद दोनों ने बौद्ध भिक्षु का आशीर्वाद लिया तथा पति-पत्नी के रूप में अपने घर के लिए रवाना हो गए। इस विवाह की क्षेत्र में व्यापक चर्चा रही और कई लोगों ने नवदंपति को शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Comments

Back to Top