वीर बाबा मंदिर में 30 जुलाई से शुरू होगा 108 अखंड रामायण पाठ और सीताराम जाप का महाअनुष्ठान

लखीमपुर खीरी , 20

लखीमपुर खीरी।बहराइच रोड स्थित राजापुर के प्रसिद्ध श्री संकट मोचन वीर बाबा मंदिर में  30 जुलाई से एक भव्य और दिव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन होने जा रहा है।लगभग 3 माह 18 दिन तक चलने वाले इस महाअनुष्ठान में श्री रामचरितमानस के 108 अखंड रामायण पाठ और अनवरत नाम जाप का संगम देखने को मिलेगा। यह पावन आयोजन 14 नवंबर तक निरंतर जारी रहेगा।मंदिर प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, इस भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अनुष्ठान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि मंदिर परिसर के ऊपरी हॉल में श्री रामचरितमानस का 108 अखंड रामायण पाठ लगातार चलता रहेगा। वहीं, भक्तों की सुविधा और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ाने के लिए निचले हॉल में "सीताराम" महामंत्र का अखंड जाप दिन-रात अनवरत किया जाएगा। इस दोहरे अनुष्ठान से पूरा क्षेत्र भक्ति, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहेगा।श्रावण मास में प्रतिदिन होगा रुद्राभिषेक,रामायण पाठ और अखंड जाप के साथ-साथ पवित्र श्रावण मास के उपलक्ष्य में मंदिर में प्रतिदिन भगवान शिव का विशेष रुद्राभिषेक भी कराया जाएगा। श्रद्धालु इस पावन महीने में रुद्राभिषेक में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ के साथ-साथ प्रभु श्रीराम और संकटमोचन हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।मंदिर परिवार और आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, रामभक्तों और शिवभक्तों से अपील की है कि वे इस दिव्य धार्मिक अनुष्ठान में अपने परिवार और इष्ट-मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। आयोजन समिति का कहना है कि भक्तों का सहयोग और सहभागिता ही इस पावन आयोजन की असली सफलता है। कार्यक्रम और सहभागिता से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए श्रद्धालु मंदिर के संपर्क सूत्र 786053278 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top