रसूलपुर में बी पैक्स का शुभारम्भ

लखीमपुर खीरी , 53

(मनोज मिश्र/केके शुक्ला)

धौरहरा/लखीमपुर।
क्षेत्र के किसानों के लिए बहुप्रतीक्षित बी-पैक्स (प्राथमिक बहुउद्देश्यीय सहकारी समिति ) का सोमवार को रसूलपुर में शुभारंभ किया गया।धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी तथा जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विनीत मनार ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर समिति का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि बी-पैक्स सहकारी समिति किसानों को सहकारी व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि समिति के माध्यम से किसानों को उर्वरक, प्रमाणित बीज,कृषि ऋण सहित अन्य आवश्यक कृषि सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।इससे किसानों को भटकना नहीं पड़ेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण विकास को भी नई गति मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।बड़ी संख्या में किसान सुबह से ही इस उम्मीद में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे कि उद्घाटन के साथ ही खाद का वितरण भी शुरू कर दिया जाएगा।लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने और अतिथियों के रवाना होने के बाद समिति का शटर बंद कर दिया गया। इससे खाद लेने पहुंचे किसानों को बिना खाद लिए ही वापस लौटना पड़ा।खाद वितरण न होने से कई किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि उद्घाटन के दिन ही वितरण शुरू कर दिया जाता तो दूर-दराज से आए किसानों को राहत मिलती।किसानों ने मांग की कि समिति में जल्द से जल्द नियमित रूप से खाद,बीज व अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जाए,ताकि उन्हें समय पर कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन मिल सकें।हालांकि किसानों का कहना है कि बी-पैक्स समिति की शुरुआत क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक पहल है और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यहां से खाद,बीज,कृषि ऋण एवं अन्य सहकारी सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध होंगी।जिससे क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

Related Articles

Comments

Back to Top