एक महीने बाद चोरी का खुलासा, दो आरोपी चोरी के माल और अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी Jul 19, 2026 at 06:45 PM , 95लखीमपुर खीरी। खीरी पुलिस की नीमगांव थाना टीम, स्वाट और सर्विलांस सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सिकन्द्राबाद स्थित बर्तन की दुकान में हुई चोरी का सफल खुलासा किया। पुलिस ने दो कथित शातिर अंतरजनपदीय चोरों को चोरी किए गए सामान, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 को सिकन्द्राबाद कस्बे की एक बर्तन की दुकान में चोरी की घटना हुई थी, जिसके संबंध में थाना नीमगांव में मु0अ0सं0 218/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। 19 जुलाई 2026 को दौदापुर-बिल्लाई रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन मौर्य उर्फ विवेक उर्फ पिंटू (निवासी गोरिया, थाना पढुआ) और लवकुश (निवासी जोखीपुरवा, थाना निघासन) के रूप में हुई है।
बरामदगी में पीली धातु के बर्तन (बटुका, बेला, लुटिया, कटोरी, चमचा), एक मिल्टन बोतल, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (UP31CU4317) तथा लवकुश के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। अवैध शस्त्र मिलने पर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, विपिन मौर्य पर लखीमपुर खीरी, लखनऊ, सीतापुर और अयोध्या सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, साइबर अपराध और पुलिस अभिरक्षा से फरार होने सहित 28 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं लवकुश पर लूट, अपहरण, पॉक्सो एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 6 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में थाना नीमगांव पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने की।






_page-0001.jpg)
























Comments