सांसद आनंद भदौरिया का साफ बयान- 2027 में टिकट का फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे, किसी की सिफारिश नहीं चलेगी

लखीमपुर खीरी , 26

"पार्टी जिसे बनाएगी वही मेरा उम्मीदवार, पांचों विधानसभा में जिताने का करूंगा प्रयास"

*लखीमपुर खीरी।* धौरहरा लोकसभा क्षेत्र से सपा के सांसद आनंद भदौरिया ने 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने पत्र लिखकर कहा कि टिकट को लेकर किसी की सिफारिश अब नहीं चलेगी।
सांसद ने अपने पत्र में लिखा - _"2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी और आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ही तय करेंगे कि उम्मीदवार कौन होगा. इस बार किसी की सिफारिश से कोई टिकट मिलने नहीं जा रहा है।"_

उन्होंने कहा कि उनका उत्तरदायित्व धौरहरा लोकसभा की पांचों विधानसभाओं के प्रति है। _"मैं स्पष्ट तौर पर कहना चाहता हूँ कि पाँचों क्षेत्र में पार्टी जिस किसी को भी प्रत्याशी बनाएगी, भले उसने लोकसभा चुनाव में हमारी खिलाफत की हो, मैं ईमानदारी से उसे जिताने का प्रयास करूँगा, क्योंकि मैं कभी पार्टी के खिलाफ नहीं जा सकता।"_

आनंद भदौरिया ने यह भी स्पष्ट किया कि पांचों क्षेत्रों में वह किसी के पैरोकार नहीं हैं। _"मेरा कोई पसंदीदा उम्मीदवार नहीं है। जिसको पार्टी टिकट देगी वही मेरा उम्मीदवार है।"_

उन्होंने टिकट चाहने वालों को सुझाव देते हुए कहा कि सभी अपना प्रयास राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से करें। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए लिखा - _"जब आपको मुझसे मदद की उम्मीद होती है तो हमारे अंदर आपको गुणों की खान नजर आती है और जब नाउम्मीदी नजर आती है तो मुझसे ज्यादा अवगुण धरती पर किसी दूसरे इंसान में नजर नहीं आते। आप हमसे अकेले में तो हमारी तारीफ करते हैं और पीठ पीछे भगवान ही मालिक है।"_
सांसद ने कहा कि जिन टिकटार्थियों ने लोकसभा चुनाव में उनकी मदद की, उन्होंने किसी से भी टिकट दिलाने का वादा नहीं किया था। _"आपका जो मेहनत रूपी कर्जा हमारे ऊपर है उसे जैसे-जैसे मौका मिलेगा अदा करता रहूँगा।"_

पत्र के अंत में उन्होंने लिखा - _"रही बात 29 की तो याद रखना मालिक की मर्जी के बगैर पत्ता भी नहीं हिलता।"_
सांसद के इस बयान के बाद धौरहरा लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभा सीटों पर टिकट की दावेदारी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। उनके इस रुख से कार्यकर्ताओं में संदेश गया है कि 2027 में टिकट पूरी तरह पार्टी आलाकमान के फैसले से होंगे।

Related Articles

Comments

Back to Top