*इश्क़ का नया 'प्रेशर टावर'! 20 दिन में लखीमपुर खीरी में दूसरी युवती चढ़ी 145 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर, प्रेमी से शादी की जिद*

लखीमपुर खीरी , 52

*तिकुनियां खीरी* 
प्यार में अपनी बात मनवाने के लिए अब मोबाइल टॉवर विरोध और दबाव का नया माध्यम बनते नजर आ रहे हैं। जिले में महज 20 दिनों के भीतर दूसरी बार एक युवती 145 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी कराने की मांग पर अड़ गई।

रविवार सुबह तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र के खैरटिया गांव में जसनगर निवासी पायल अपने प्रेमी करन से शादी की जिद को लेकर 145 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। बताया गया कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा है, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक समझाने और प्रेमी को बुलाने का आश्वासन देने के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई।

तिकुनिया कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है।

गौरतलब है कि इससे पहले 22 जून को निघासन तहसील क्षेत्र के मंझली पुरवा में भी 26 वर्षीय एक युवती प्रेमी से शादी की मांग को लेकर 145 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई थी। उस समय भी पुलिस और स्थानीय लोगों की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया था।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि क्या प्रेम संबंधों में अपनी बात मनवाने के लिए मोबाइल टॉवर अब विरोध और दबाव का नया प्रतीक बनते जा रहे हैं? हालांकि, इस तरह के कदम न केवल जानलेवा हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी गलत संदेश देते हैं। किसी भी विवाद का समाधान संवाद और कानूनी तरीके से ही किया जाना चाहिए।

Related Articles

Comments

Back to Top