*भारत माता के वीर सपूत को अंतिम सलाम"*
लखीमपुर खीरी Jul 09, 2026 at 03:27 PM , 61एसएसबी हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
एसएसबी व पुलिस जवानों ने दी गार्ड ऑफ ऑनर, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
लखीमपुर खीरी।पश्चिम बंगाल में सड़क दुर्घटना में शहीद समान कर्तव्यपथ पर जीवन गंवाने वाले सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 61वीं वाहिनी, भैराबकुंडा में तैनात हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह का गुरुवार को उनके पैतृक नगर पलिया कलां में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। एसएसबी एवं पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए अंतिम सलामी दी। इस भावुक क्षण में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
जैसे ही तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर उनके आवास पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, मित्र, रिश्तेदार, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा विभिन्न संगठनों के लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
अंतिम संस्कार स्थल पर एसएसबी के अधिकारियों एवं जवानों ने पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया, जबकि पुलिस जवानों ने भी सलामी देकर दिवंगत जवान को अंतिम विदाई दी। पूरे वातावरण में "अमर रहें" के स्वर गूंज उठे और उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदीप कुमार सिंह अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके असामयिक निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे पलिया क्षेत्र और एसएसबी परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।
गौरतलब है कि प्रदीप कुमार सिंह अवकाश लेकर अपने घर पलिया लौट रहे थे। इसी दौरान पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जनपद के समुक्तला क्षेत्र के पास उनकी कार भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई, जिसमें उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
अंतिम विदाई के दौरान हर आंख नम थी और हर जुबान पर यही शब्द थे "प्रदीप कुमार सिंह अमर रहे।






_page-0001.jpg)
























Comments