हैंडपंप रीबोर के नाम पर सरकारी धन की लूट-खसोट!

लखीमपुर खीरी , 42

लालपुर पंचायत में बड़ा गोलमाल! हैंडपंप रीबोर के नाम पर 1.92 लाख डकारे जिम्मेदार,


ग्राम पंचायत लालपुर में हैंडपंप रीबोर पर 1.92 लाख खर्च, ग्रामीण बोले, आज भी कई हैंडपंप बदहाल 

 

निघासन-खीरी। विकास खंड निघासन की ग्राम पंचायत लालपुर में हैंडपंप रीबोर के नाम पर 1,92,603 रुपए के भुगतान का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सरकारी अभिलेखों के अनुसार यह राशि दिव्य एंटरप्राइजेज को तीन अलग-अलग किश्तों में दी गई, जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के कई हैंडपंप आज भी खराब पड़े हैं और लोगों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह मामला सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर तेजी से वायरल हो रहा है। कथित गड़बड़ घोटाले   के वायरल मामले अनुसार दिव्य एंटरप्राइजेज को 71,433, 73,548 रूपए और 47,622 रुपए की तीन किश्तों में कुल 1,92,603 रुपए का भुगतान किया गया है। दूसरी ओर ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर हैंडपंप लंबे समय से खराब हैं और रिबोर कार्य का असर धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है।
मामले को लेकर जब निघासन के खंड विकास अधिकारी जयेश कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस प्रकरण की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एडीओ पंचायत विजया गुप्ता को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब ग्रामीणों की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है। यदि भुगतान के बावजूद कार्य में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जा सकती है।

Related Articles

Comments

Back to Top