लखनऊ में होगा राष्ट्रीय होम्योपैथिक सम्मेलन, तैयारियां शुरू, आईआईएचपी की प्रदेश स्तरीय बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर बनी सहमति,

लखीमपुर खीरी , 44

मुख्यमंत्री से मिलकर आईआईएचपी भवन की मांग उठाने का निर्णय,
 
गोला गोकर्णनाथ खीरी। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ होम्योपैथिक फिजिशियन्स  उत्तर प्रदेश शाखा की महत्वपूर्ण बैठक लखनऊ के जानकीपुरम स्थित डॉ. ओपी श्रीवास्तव सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज इन होम्योपैथी में संपन्न हुई। बैठक में केंद्रीय समिति के सदस्य एवं आईआईएचपी के मुख्य समन्वयक डॉ. राजेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। बैठक की अध्यक्षता गोला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पूर्व होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी रह चुके और वर्तमान में आईआईएचपी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष वरिष्ठ होम्योपैथ चिकित्सक डॉ. ओपी श्रीवास्तव ने की।
बैठक में प्रदेश में होम्योपैथी के विकास संगठन के विस्तार और शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्ष 2027 में आईआईएचपी द्वारा लखनऊ में एक वृहद राष्ट्रीय होम्योपैथिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके लिए लखनऊ इकाई के सहयोग से तैयारियां शीघ्र प्रारंभ की जाएंगी और सम्मेलन के संभावित समय और स्थल की घोषणा जल्द की जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि मुख्यमंत्री से भेंट कर उत्तर प्रदेश सरकार से आईआईएचपी भवन उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी। साथ ही प्रदेश में होम्योपैथी शिक्षा एवं शोध को बढ़ावा देने तथा उच्च गुणवत्ता के मानक स्थापित करने के लिए भी सरकार से सहयोग का अनुरोध किया जाएगा।
संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न जिलों में नई इकाइयों का गठन कर सदस्य संख्या बढ़ाने की रणनीति पर भी सहमति बनी। इसके अलावा होम्योपैथी की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं लोकप्रियता में वृद्धि के लिए सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, वेबिनार और चिकित्सा शिविरों का नियमित आयोजन करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष डॉ. मधु रंजन सक्सेना, सचिव डॉ. अम्बुज शुक्ल, वित्त सचिव डॉ. पीके मौर्य, संयुक्त सचिव डॉ. एसपी मौर्य एवं डॉ. सुनील कुमार, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. एसपी यादव, डॉ. रचना श्रीवास्तव, डॉ. मोहित सत्संगी और डॉ. विजय सिसौदिया उपस्थित रहे। वहीं लखनऊ इकाई की अध्यक्ष प्रो. डॉ. रेनू महेन्द्र, सचिव डॉ. अविनाश चंद्र, कोषाध्यक्ष डॉ. अमित श्रीवास्तव और आगरा इकाई के कोषाध्यक्ष डॉ. ओपी मित्तल भी बैठक में शामिल हुए। सभी पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें अमलीजामा पहनाने पर सहमति जताई।

Related Articles

Comments

Back to Top