मनरेगा भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच को 2 सदस्यीय समिति गठित, 8 जुलाई को लखनऊ तलब - ऋषि संतोष कुमार शर्मा का दावा

लखीमपुर खीरी , 61

राष्ट्रपति के निर्देश पर जांच का हवाला, शिकायत की प्रति न मिलने पर सवाल, अपर मंडलायुक्त राधेश्याम करेंगे अध्यक्षता  

*लखीमपुर खीरी।* मनरेगा और अन्य सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए लखनऊ मंडल स्तर पर दो सदस्यीय समिति गठित किए जाने का दावा किया गया है। यह दावा मनरेगा मजदूर मिस्त्री महासंघ भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि संतोष कुमार शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर किया है। ऋषि संतोष कुमार शर्मा के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निर्देश पर लखनऊ मंडलायुक्त ने लखीमपुर-खीरी के कुछ उच्च अधिकारियों के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए समिति बनाई है। समिति में अपर मंडल आयुक्त प्रशासन राधेश्याम को अध्यक्ष और संयुक्त विकास आयुक्त लखनऊ मंडल को सदस्य नामित किया गया है। शर्मा को उपजिलाधिकारी सदर के माध्यम से पत्र मिला है, जिसमें 8 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे मंडलायुक्त कार्यालय लखनऊ में जांच समिति के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया है। शर्मा का आरोप है कि उन्होंने पहले राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, भारत के मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल और यूपी के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर लखीमपुर-खीरी सहित प्रदेश के कई अधिकारियों पर कार्रवाई और बर्खास्तगी की मांग की थी। उनका कहना है कि मनरेगा समेत विभिन्न योजनाओं में व्यापक अनियमितताएं हुई हैं, जिसकी वजह से मजदूरों को रोजगार नहीं मिल पा रहा।
शर्मा ने कहा कि उन्हें जांच में बुलाने का पत्र तो मिल गया है, लेकिन जिस शिकायत के आधार पर जांच हो रही है उसकी प्रति उन्हें नहीं दी गई। उनके अनुसार जांच प्रक्रिया में शिकायतकर्ता को शिकायत की प्रति देना जरूरी है।

Related Articles

Comments

Back to Top