बी-पैक्स बस्तौली के डायरेक्टर पर ताला जड़ने और रजिस्टर ले जाने का आरोप, अध्यक्ष-किसानों ने दी तहरीर

लखीमपुर खीरी , 87

भाजपा के दो गुट आमने-सामने, 4 जुलाई को उर्वरक वितरण में बाधा डालने, गाली-गलौज का भी आरोप  

*बिजुआ, लखीमपुर खीरी।* विकास खंड बिजुआ की सहकारी समिति बी-पैक्स बसौली में शुक्रवार 4 जुलाई 2026 को हुए विवाद के बाद समिति अध्यक्ष ने कोतवाली भीरा में तहरीर देकर डायरेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के बाद भाजपा के दो गुट आमने-सामने आ गए हैं।
बी-पैक्स बसौली के अध्यक्ष अवधेश कुमार मिश्रा ने थानाध्यक्ष को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 4 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे उर्वरक वितरण चल रहा था। तभी डायरेक्टर धीरेंद्र कुमार दीक्षित अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ समिति पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों से अभद्रता कर जबरन वितरण बंद करवा दिया और गाली-गलौज की। इसी दौरान उर्वरक वितरण रजिस्टर भी गायब हो गया।
अध्यक्ष के मुताबिक शाम 5 बजे कर्मचारी चले जाने के बाद डायरेक्टर और उनके साथियों ने बिना किसी आदेश के समिति के मुख्य गोदाम पर अपना निजी ताला जड़ दिया। गोदाम में समिति के जरूरी दस्तावेज और खाद का स्टॉक रखा था। ताला लगने से समिति का दैनिक काम ठप हो गया है और किसानों को खाद-बीज नहीं मिल पा रहा है। तहरीर में डायरेक्टर पर पहले भी एजेंडा रजिस्टर उठा ले जाने का आरोप लगाया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भाजपा के दो गुट आमने-सामने आ गए हैं। एक पक्ष डायरेक्टर धीरेंद्र दीक्षित के समर्थन में है तो दूसरा पक्ष अध्यक्ष और किसानों के साथ खड़ा है। किसानों का कहना है कि ताला खुलवाकर समिति का काम शुरू कराया जाए।कोतवाली भीरा पुलिस का कहना है कि बी-पैक्स अध्यक्ष अवधेश कुमार मिश्रा की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। समिति का ताला खुलवाने और रजिस्टर बरामदगी के लिए टीम भेजी गई है।

Related Articles

Comments

Back to Top