जड़ौरा बी-पैक्स केंद्र में हुई लाखों की चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार, इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद,
लखीमपुर खीरी Jul 04, 2026 at 06:20 PM , 52गोला गोकर्णनाथ खीरी। थाना हैदराबाद की चौकी अजान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बघमरा स्थित बी-पैक्स केंद्र जड़ौरा (सहकारी समिति) के कार्यालय में 16 जून की रात हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान भी बरामद हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहकारी समिति के सचिव मदनलाल भारती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि सोमवार शाम करीब 4 बजे सभी कर्मचारी खाद वितरण व लेखा-जोखा का कार्य पूरा कर कार्यालय बंद करके घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कार्यालय में रखा इन्वर्टर, बैटरी, सीलिंग पंखा, एलसीडी, एचपी कंपनी का डेस्कटॉप कंप्यूटर, प्रिंटर, माउस, चार्जर, स्टैंड व ई-पॉस मशीन समेत सारा इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब था।
घटना की सूचना मिलते ही हैदराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर सचिव की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। थाना अध्यक्ष सुनील मलिक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार प्रयास के बाद करीब 18 दिन बाद शनिवार को ग्राम बघमरा से ही तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मान सिंह यादव पुत्र जगदीश प्रसाद, विजय सिंह उर्फ गामा पुत्र कप्तान सिंह तथा जोगेन्द्र सिंह उर्फ मुस्कान यादव पुत्र नरसिंह यादव, सभी निवासी ग्राम बघमरा के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी गया इन्वर्टर, बैटरी, सीलिंग फैन, एलसीडी डेस्कटॉप, प्रिंटर, माउस, चार्जर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राजू वर्मा, कांस्टेबल सजीव कुमार, धर्मेन्द्र कुमार व बंटी सागर शामिल रहे। थाना अध्यक्ष सुनील मलिक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।






_page-0001.jpg)
























Comments