किशोरी के कथित अपहरण प्रकरण मे विवेचना को लेकर पीड़िता की मां ने एस.पी और सीओ से विकेचक बदलवाने की लगाई गुहार
लखीमपुर खीरी Jul 02, 2026 at 06:22 PM , 2गोला गोकर्णनाथ, खीरी। गोला कोतवाली में दर्ज किशोरी के कथित अपहरण प्रकरण की विवेचना को लेकर पीड़िता की मां ने पुलिस एसपी और सीओ गोला को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच किसी अन्य विवेचक से कराए जाने की मांग की है।
दिए गए प्रार्थना पत्र में पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी नाबालिग पुत्री को एहसान गुफरान उर्फ बब्लू, शबनम और मुन्ना बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। इस संबंध में 14 जून को कोतवाली गोला में मुकदमा दर्ज कराया गया था लेकिन अब तक न तो किशोरी की बरामदगी हो सकी है और न ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार मुख्य आरोपी ने मुकदमा दर्ज होने के बाद उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर शपथपत्र के माध्यम से किशोरी को बालिग बताते हुए उसके विरुद्ध कोई मुकदमा दर्ज न होने की बात कही थी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उच्च न्यायालय के आदेश के पैरा-09 में स्पष्ट उल्लेख है कि यदि प्रकरण में पूर्व से कोई रिपोर्ट दर्ज पाई जाती है तो उक्त आदेश स्वतः अप्रभावी माना जाएगा।
पीड़िता की मां का आरोप है कि विवेचक द्वारा अब तक उनका बयान दर्ज नहीं किया गया है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी किशोरी की बरामदगी मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड के परीक्षण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के संकलन सहित आवश्यक विवेचनात्मक कार्रवाई प्रभावी ढंग से नहीं की गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश न दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
इन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए पीड़िता की मां ने एसपी और सीओ से मामले की निष्पक्ष प्रभावी और शीघ्र जांच सुनिश्चित कराने के लिए वर्तमान विवेचक को बदलकर किसी अन्य अधिकारी से विवेचना कराए जाने की मांग की है।































Comments