महेशपुर में गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने किसान पर किया हमला, गंभीर घायल; ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग के खिलाफ आक्रोश
लखीमपुर खीरी Jun 29, 2026 at 06:48 PM , 3गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। महेशपुर वनरेंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने भैंस चरा रहे किसान पर हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत फैल गई है और वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश भी देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, सोमवार 29 जून को दोपहर करीब 12 बजे थाना हैदराबाद क्षेत्र के ग्राम उदयपुर निवासी कालीचरन (57) पुत्र रामदयाल अपने साथियों के साथ महेशपुर-नयागांव मार्ग के किनारे भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान विजय वर्मा पुत्र रामस्वरूप निवासी बरगदिया के गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने अचानक कालीचरन पर हमला कर दिया।
साथ मौजूद लोगों के शोर मचाने पर बाघ खेत की ओर भाग गया। हमले में किसान के कंधे, हाथ, पेट सहित शरीर के कई हिस्सों में गहरे जख्म आए हैं। सूचना मिलते ही महेशपुर रेंज के रेंजर निर्भय प्रताप शाही वनकर्मियों के साथ और हैदराबाद पुलिस मौके पर पहुंची।
घायल किसान को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वन क्षेत्राधिकारी निर्भय प्रताप शाही ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। मौके से बाघ के पगचिन्ह मिले हैं। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र में वन विभाग की टीम लगाकर निगरानी बढ़ा दी गई है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आए दिन हो रही बाघ की घटनाओं को लेकर वन विभाग के प्रति नाराजगी जताई और बाघ को पकड़ने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गन्ने की फसल के कारण बाघ आबादी वाले क्षेत्रों के नजदीक पहुंच रहे हैं, जिससे लगातार खतरा बना हुआ है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और गन्ने के खेतों व जंगल क्षेत्र के आसपास अकेले न जाने की अपील की है।































Comments