गैस सिलेंडर के विवाद में विवाहिता की हत्या का आरोप, पति हिरासत में

लखीमपुर खीरी , 47

लखीमपुर-खीरी। थाना खीरी क्षेत्र के मोहल्ला श्यामला पुरवा में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने पति पर तकिये से मुंह दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।  

जानकारी के अनुसार, शबीना (24) पत्नी जियाउद्दीन की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। मृतका के भाई अकील अंसारी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही शबीना का वैवाहिक जीवन ठीक नहीं चल रहा था। अकील के मुताबिक, जियाउद्दीन कोई काम नहीं करता था, जिससे परिवार में आर्थिक तंगी रहती थी। इसी बात को लेकर अक्सर पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट होती थी।  

शनिवार 27 जून की रात भी घरेलू खर्च और गैस सिलेंडर को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद पति ने शबीना की तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी। रविवार सुबह 7 बजे घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।  

थाना खीरी प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में पति जियाउद्दीन ने गैस सिलेंडर को लेकर विवाद होने की बात स्वीकारी है। मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न व हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।  

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। तहरीर व पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top