तिकुनियां पावर हाउस पर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने उठाई बड़े ट्रांसफार्मर की मांग
लखीमपुर खीरी Jun 27, 2026 at 08:25 PM , 15तिकुनियां (खीरी)। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बिजली कटौती को लेकर उपभोक्ताओं और किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। तिकुनियां पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बदहाल होने का आरोप लगाते हुए किसानों ने सोमवार से पावर हाउस परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
किसानों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बिजली की समस्या लगातार बनी हुई है। कई-कई घंटे बिजली कटौती के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में 5 से 6 घंटे भी नियमित बिजली मिलना मुश्किल हो गया है, जबकि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में 18 से 20 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा कर रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकारी दावे धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि तिकुनियां पावर हाउस पर पहले भी बिजली समस्या को लेकर कई बार प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। किसानों की मुख्य मांग है कि क्षेत्र में क्षमता के अनुसार बड़ा ट्रांसफार्मर लगाया जाए, जिससे बिजली आपूर्ति में सुधार हो सके।
किसानों ने ऐलान किया है कि जब तक पावर हाउस पर बड़ा ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी ग्रामीणों और किसानों से अपील की है कि बिजली समस्या के समाधान के लिए अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन में सहयोग करें।
वहीं, बिजली विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखने वाली बात होगी कि विभाग किसानों की मांग पर क्या कदम उठाता है।































Comments