अज़ान पुलिस चौकी क्षेत्र में पशु चोरों का आतंक, एक ही रात में दो गांवों से 5 दुधारू भैंस चोरी, आरोपी किशोर पुलिस हिरासत में, ग्रामीणों में रोष,

लखीमपुर खीरी , 4

चौकी से डेढ़ किमी दूर हुई वारदात, पहले भी बघमरा-सुहेला में लाखों की चोरी, पुलिस के हाथ अब तक खाली; रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर ग्रामीण,

गोला गोकर्णनाथ खीरी, थाना हैदराबाद क्षेत्र की अज़ान पुलिस चौकी इलाके में पशु चोरों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार की रात चोरों ने चौकी क्षेत्र के बगहा और चमरपुरवा गांव में धावा बोलकर कुल 5 दुधारू भैंस चुरा लीं। एक गांव में आरोपी किशोर को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
गांव बगहा निवासी किसान अजय कुमार वर्मा पुत्र श्रीराम वर्मा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे वह परिवार सहित खाना खाकर छत पर सोने चले गए थे। रात करीब 12 बजे पत्नी रजनी देवी को घर के सामने बने बग्गर से आहट सुनाई दी। उठकर देखा तो बग्गर में बंधी तीनों दुधारू भैंस गायब थीं। शोर मचाने पर परिवार के लोग नीचे उतरे और नहर पटरी से लेकर गांव के चारों ओर तलाश की, लेकिन भैंसों का कोई सुराग नहीं लगा। 
अजय वर्मा ने तुरंत अज़ान पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पीड़ित के अनुसार चोरी गई भैंसों की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। अजय का कहना है, "हमारा घर पुलिस चौकी से महज डेढ़ किलोमीटर दूर है। इसके बाद भी चोर इतनी बड़ी वारदात कर गए।"उसी रात करीब 2 बजे ग्राम चमरपुरवा में भी चोरों ने दस्तक दी। गांव निवासी प्रेमचंद पुत्र शंकर लाल ने बताया कि वह रोज की तरह भैंसों को चारा देकर परिवार सहित घर में सो रहे थे। रात में गांव में 'चोर-चोर' का शोर सुनकर उनकी आंख खुली। बाहर बग्गर में जाकर देखा तो उनकी दोनों दुधारू भैंस गायब थीं।इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव के ही मुकेश कुमार के 17 वर्षीय पुत्र सूरज को सर्वेश कुमार के घर के सामने बग्गर के पास खड़ा देखा। शक होने पर ग्रामीण सूरज के घर गए तो वह वहां नहीं मिला। सुबह उसे गांव के बाहर गन्ने के खेत में छिपा देखा गया। ग्रामीणों को देखकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में सूरज ने कबूल किया कि वह 100 रुपये लेकर भैंस खोलकर किसी अज्ञात व्यक्ति को देता है। ग्रामीणों ने बताया कि देखने में छोटा लगता है पर बहुत शातिर है और पहले भी चोरियां कर चुका है। सुबह सूचना पर पहुंची अज़ान चौकी पुलिस ने आरोपी सूरज को हिरासत में ले लिया है।एक ही रात में 5 भैंस चोरी होने से ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि अज़ान चौकी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले बघमरा और सुहेला गांवों में भी लाखों की चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है।ग्रामीणों ने कहा, "जब पुलिस चौकी नजदीक होने के बाद भी चोर बेखौफ हैं तो आम आदमी कैसे सुरक्षित रहेगा? पुलिस सिर्फ खानापूर्ति कर रही है।" लगातार हो रही वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस की निष्क्रियता से नाराज ग्रामीण अब खुद रातभर जागकर बारी-बारी से पहरा देने को मजबूर हैं।आक्रोशित ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, पकड़े गए आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर गिरोह का पर्दाफाश करने और पुरानी चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

Related Articles

Comments

Back to Top