दावों की खुली पोल: सलेमपुर कोन में 70 मीटर कच्ची सड़क ने 100 परिवारों का जीना किया मुहाल

लखीमपुर खीरी , 11

चुनाव खत्म,वादे गायब अमर विहार कॉलोनी के पीछे जलभराव से नरक बनी जिंदगी

लखीमपुर खीरी।जनपद के विकास खंड सदर क्षेत्र से विकास के बड़े-बड़े दावों की पोल खोलती एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। ग्राम पंचायत सलेमपुर कोन के अंतर्गत अमर विहार कॉलोनी के पीछे बसे नए मोहल्ले में महज 70 मीटर की कच्ची सड़क के निर्माण न होने से करीब 100 परिवारों का जीवन नरक बन चुका है। सड़क पर भारी जलभराव, कीचड़ और गंदगी के कारण स्थानीय लोगों का पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। हालात इस कदर बदतर हैं कि अब ग्रामीणों को महामारी और गंभीर बीमारियों का डर सताने लगा है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उनके घरों तक जाने वाला एकमात्र रास्ता पूरी तरह कच्चा है। हल्की सी बारिश होते ही पूरे रास्ते और घरों के मुख्य द्वारों पर पानी जमा हो जाता है। जलभराव के कारण क्षेत्र के एक गरीब परिवार का मकान पूरी तरह से ढहने की कगार पर पहुंच चुका है। चारों तरफ फैली कीचड़ और कबाड़ के कारण आए दिन बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूली बच्चे फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस विकराल समस्या को लेकर कई बार ग्राम विकास अधिकारी सचिव और ग्राम प्रधान से शिकायतें की गईं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय नेता विकास के बड़े-बड़े वादे करके वोट ले जाते हैं, लेकिन चुनाव बीतते ही जनता को उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है। आज के आधुनिक दौर में भी इस मोहल्ले के लोग एक अदद बुनियादी सड़क सुविधा के लिए तरस रहे हैं।परेशान और आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और आला अधिकारियों से इस समस्या का संज्ञान लेते हुए तत्काल इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही इस नरकीय स्थिति से उन्हें निजात नहीं मिली, तो वे मजबूर होकर प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेंगे।

Related Articles

Comments

Back to Top