सदर मालखाने से गायब जेवरात का मामला बंद, जिम्मेदार दोनों मोहर्रिर की हो चुकी मौत
लखीमपुर खीरी Jun 17, 2026 at 07:55 PM , 35लखीमपुर खीरी। सदर मालखाने से मुकदमे से संबंधित जेवरात गायब होने के मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर अंतिम रिपोर्ट न्यायालय भेज दी है। जांच में सामने आया कि वर्ष 2007 के मुकदमा संख्या 5143/2007 से जुड़ी मृतका के कपड़ों व गहनों की ‘पीएम पोटली’ मालखाने से गायब हो गई थी।
तत्कालीन हेड मोहर्रिर सुधीर कुमार की तहरीर पर कोतवाली सदर में मु.अ.सं. 450/25 धारा 409 के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना उपनिरीक्षक अरविंद कुमार तिवारी ने की। जांच में पाया गया कि पीएम पोटली का प्रभार तत्कालीन हेड मोहर्रिर चंद्रिका प्रसाद के पास था। वर्ष 2009 में उनकी मृत्यु हो गई। उनके बाद नियुक्त हेड मोहर्रिर रामबख्श पाल का भी निधन हो चुका है। अभिलेखों के अनुसार, इसके बाद नियुक्त हेड मोहर्रिर संजय सिंह को यह पोटली चार्ज में नहीं मिली।
जांच से स्पष्ट हुआ कि पीएम पोटली स्वर्गीय चंद्रिका प्रसाद व स्वर्गीय रामबख्श पाल की तैनाती के दौरान ही मालखाने से गायब हुई थी। चूंकि दोनों जिम्मेदार कर्मचारियों की मृत्यु हो चुकी है, इसलिए विधिक रूप से मृत व्यक्तियों के खिलाफ अभियोग चलाया जाना संभव नहीं है। वैधानिक प्रक्रिया अपनाते हुए विवेचना अंतिम रिपोर्ट के साथ समाप्त कर न्यायालय भेज दी गई है।































Comments