ट्रेनों के संचालन को लेकर कांग्रेस नेता ने रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन
लखीमपुर खीरी Jun 12, 2026 at 06:50 PM , 4लखीमपुर-खीरी। मैलानी, लखीमपुर और सीतापुर रेलखंड पर ब्रॉडगेज बनने के बाद भी बड़े महानगरों के लिए सीधी ट्रेन न मिलने और स्पेशल ट्रेनों में अधिक किराया वसूले जाने को लेकर कांग्रेस नेता रजनीश सिंह ने रेल मंत्री को ज्ञापन भेजा है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य रजनीश सिंह ने रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड चेयरमैन, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एवं लखनऊ के मंडल रेल प्रबंधक को ईमेल के माध्यम से विस्तृत ज्ञापन भेजकर मांग की है कि सभी स्पेशल ट्रेनों को तत्काल नियमित कर सामान्य किराया लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि स्पेशल ट्रेनों के नाम पर जनता से 30 प्रतिशत तक अधिक किराया वसूला जा रहा है, जो तराई क्षेत्र के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ अन्याय है।कांग्रेस नेता ने लखनऊ मंडल के पुराने वादे का हवाला देते हुए सीतापुर-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस (12107/12108) को मैलानी तक बढ़ाने की मांग की। साथ ही दिल्ली के लिए वाया पीलीभीत-बरेली होकर नई दैनिक एक्सप्रेस या सुपरफास्ट ट्रेन तत्काल शुरू करने की मांग की।
रजनीश सिंह ने कहा कि मैलानी सामरिक, व्यावसायिक और पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण जंक्शन है। दुधवा नेशनल पार्क के कारण यहां पर्यटकों का आवागमन रहता है। जनता को बड़ी लाइन का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब दिल्ली और मुंबई के लिए सीधी व किफायती ट्रेनें मिलेंगी। उन्होंने रेलवे बोर्ड से जनहित में जल्द निर्णय लेने की मांग की है।































Comments