*घाघरा नदी में नहाते समय युवक डूबा, तलाश जारी* *पैर फिसलने से गहरे पानी में समाया, एसडीएम-तहसीलदार मौके पर, गोताखोर कर रहे खोजबीन*

लखीमपुर खीरी , 19

*धौरहरा, लखीमपुर खीरी।* तहसील धौरहरा के विकास खण्ड रमियाबेहड़ अंतर्गत ग्राम पंचायत जंगल मटेरा के मजरा लक्ष्मनपुरवा में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। नहाते समय पैर फिसलने से 30 वर्षीय युवक घाघरा नदी में डूब गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई। जानकारी के अनुसार लक्ष्मनपुरवा निवासी पृथ्वीपाल पुत्र छोटकन उम्र 30 वर्ष बुधवार शाम घाघरा नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा में युवक देखते ही देखते लापता हो गया।  
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ नदी किनारे जमा हो गई। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कराई गई। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।  
 सूचना पर एसडीएम शशिकांत मणि, तहसीलदार आदित्य विशाल और प्रभारी निरीक्षक धौरहरा दिनेश शर्मा मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने गोताखोरों को तलाश अभियान तेज करने के निर्देश दिए।  हादसे के बाद लक्ष्मनपुरवा गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसडीएम शशिकांत मणि ने बताया कि गोताखोरों की टीम लगातार तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक युवक का पता नहीं चल सका है।

Related Articles

Comments

Back to Top