लोकमाता के आदर्शों पर चलकर ही होगा समाज का उत्थान: अजीत सिंह पाल
लखीमपुर खीरी Jun 08, 2026 at 06:47 PM , 28301वीं जयंती पर याद की गईं लोकमाता अहिल्याबाई, समाज उत्थान का दिया संदेश।
निघासन खीरी। अखिल भारतीय पाल महासभा एवं धनगर समाज उत्थान समिति के तत्वावधान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर रविवार को ब्लॉक निघासन सभागार में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों, युवाओं एवं महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अहिल्याबाई होल्कर भारतीय संस्कृति, सेवा, न्याय और सुशासन की अमर प्रतीक हैं।
भाजपा के प्रदेश संयोजक व झण्डी स्टेट के राजा राज राजेश्वर सिंह ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन चरित्र नारी शक्ति, संघर्ष और जनसेवा का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन इस बात को सिद्ध करता है कि सत्ता से बड़ा स्थान सेवा का होता है। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने जिस दृढ़ता और समर्पण के साथ समाज का नेतृत्व किया, वह आज की पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है।
विधायक शशांक वर्मा ने कहा कि राजमाता अहिल्या बाई होल्कर ने अपने शासनकाल में जनकल्याण, धर्मस्थलों के पुनर्निर्माण और समाज सेवा के क्षेत्र में जो कार्य किए, वे आज भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से लोकमाता के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सभा में उपस्थित वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में समाज की एकता, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर देवेंद्र कुमार, अखिल भारतीय पाल महासभा के जिलाध्यक्ष डीके पाल, सुग्रीव पाल, प्रदीप पाल, शिवा पाल व रामप्रकाश पाल के साथ समाज के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।































Comments