लखीमपुर खीरी में तेंदुए का आतंक: हमले में 7 वर्षीय मासूम की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

लखीमपुर खीरी , 41

लखीमपुर खीरी।जनपद के ईसानगर थाना क्षेत्र में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को ईसानगर क्षेत्र के ग्राम रायपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक तेंदुए ने सात वर्षीय मासूम बच्चे पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ईसानगर थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर का रहने वाला सात वर्षीय बालक शुभम घर के पास मौजूद था, तभी अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों और ग्रामीणों ने बमुश्किल बच्चे को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल शुभम को इलाज के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खमरिया लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वन विभाग की लापरवाही से नाराज आक्रोशित ग्रामीणों ने ईसानगर से खमरिया जाने वाले मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने के प्रयास में जुट गया। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण वन विभाग के उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग पर अड़े हुए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top