कर्मसु वेद-वेदांग गुरुकुल विद्यापीठ में ग्रह-नक्षत्र वाटिका हेतु हुआ भव्य वृक्षारोपण,
लखीमपुर खीरी Jun 05, 2026 at 05:56 PM , 19गोला गोकर्णनाथ खीरी,
पर्यावरण संरक्षण एवं वैदिक परंपराओं के संवर्धन के उद्देश्य से कर्मसु वेद-वेदांग गुरुकुल विद्यापीठ में "ग्रह-नक्षत्र वाटिका" की स्थापना के लिए विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 27 नक्षत्रों, 9 ग्रहों तथा विभिन्न फलदार एवं औषधीय वृक्षों सहित कुल 51 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक अमन गिरी उपस्थित रहे। उनके साथ गोला नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विजय शुक्ला 'रिंकू', समाजसेवी आनंद त्रिवेदी, घनश्याम अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण गुरुकुल के विद्यार्थियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण रहा। विद्यार्थियों के मंत्रोच्चार से सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक एवं वैदिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। इस अवसर पर वरिष्ठ विद्वान आचार्य रामदेव मिश्र शास्त्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को केवल प्रकृति का अंग नहीं, बल्कि जीवनदायी देवतुल्य स्वरूप माना गया है। उन्होंने ग्रह-नक्षत्रों से संबंधित वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसी वाटिकाएँ पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वैदिक ज्ञान के प्रसार का भी माध्यम बनती हैं।
गुरुकुल प्रबंधन ने बताया कि ग्रह-नक्षत्र वाटिका का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज को भारतीय ज्योतिष, वनस्पति विज्ञान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सतत कार्य करने का संकल्प लिया।
यह आयोजन प्रकृति, संस्कृति और संस्कारों के समन्वय का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।































Comments