विश्व पर्यावरण दिवस पर बजाज ग्रुप की अनूठी पहल, ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत किया गया वृक्षारोपण
लखीमपुर खीरी Jun 05, 2026 at 05:52 PM , 14पलिया कलां (खीरी)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बजाज ग्रुप की पलिया एवं खंभारखेड़ा चीनी मिलों में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर मिल परिसर में ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत विचार गोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित गोष्ठी में पर्यावरण पर बढ़ते प्रदूषण, पॉलिथीन के दुष्प्रभाव तथा कागज के अत्यधिक उपयोग से प्राकृतिक संसाधनों पर पड़ने वाले असर पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने और दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर पलिया यूनिट के यूनिट हेड ओ.पी. चौहान तथा खंभारखेड़ा यूनिट के यूनिट हेड अवधेश गुप्ता ने कर्मचारियों एवं अधिकारियों से पॉलिथीन बैग का उपयोग पूरी तरह बंद करने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही दोनों मिल परिसरों में पॉलिथीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाएगा।
यूनिट हेड्स ने कहा कि लगातार हो रहे वृक्षों के कटान से पर्यावरणीय संतुलन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में मिल परिसर में व्यापक वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान विकास मलिक, संजीव दुबे, राजीव तोमर, मनोज मिश्रा, सतीश श्रीवास्तव, तनवीर अहमद, सुहैल अनवर, वैभव सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति कर्मचारियों में नई जागरूकता पैदा की तथा हरित और स्वच्छ भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।































Comments