सड़क हादसों से भी सबक नहीं, राजापुर चौकी और सिसैया पिकेट के नाक के नीचे डग्गामार वाहनों का आतंक

लखीमपुर खीरी , 18

लखीमपुर खीरी। जनपद में डग्गामार वाहनों के संचालन और उसके कारण होने वाली मौतों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। थाना ईसानगर क्षेत्र में हाल ही में हुए भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद भी स्थानीय प्रशासन और पुलिस गहरी नींद में सोया हुआ है। नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे ये अवैध वाहन यात्रियों की जिंदगी से सरेआम खिलवाड़ कर रहे हैं।पुलिस चौकी से चंद कदम दूर नियमों की धज्जियाँ,ताजा मामला पीलीभीत-बस्ती हाईवे का है। यहाँ कोतवाली सदर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली राजापुर पुलिस चौकी से महज कुछ ही दूरी पर मानक के विपरीत सवारियां भरकर डग्गामार मैजिक वाहन धड़ल्ले से सिसैया और बहराइच के लिए दौड़ रहे हैं। ओवरलोडिंग का आलम यह है कि वाहनों के अंदर और बाहर लोग लटके रहते हैं, जिससे हर पल किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।फ्लाईओवर के नीचे अवैध टैक्सी स्टैंड, बढ़ा अतिक्रमण,लापरवाही की हद यहीं खत्म नहीं होती। सिसैया चौराहे पर स्थित पुलिस पिकेट से चंद कदम की दूरी पर अवैध टैक्सी स्टैंड का संचालन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, फ्लाईओवर के नीचे पहले से ही जगह बेहद कम है और सड़क भी ज्यादा चौड़ी नहीं है। इसके बावजूद लोगों ने सड़कों पर अवैध अतिक्रमण कर रखा है। अवैध रूप से खड़े होने वाले इन डग्गामार वाहनों के कारण यहाँ का आवागमन पूरी तरह बाधित रहता है और हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है।बड़े हादसे के इंतजार में प्रशासन,ईसानगर की हृदयविदारक घटना के बाद दावों और चेतावनियों की बौछार करने वाला प्रशासन अब पूरी तरह मूकदर्शक बना हुआ है। सिसैया चौराहे और राजापुर चौकी के पास हो रहा यह अवैध संचालन सीधे तौर पर पुलिस की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े करता है। ऐसा प्रतीत होता है कि जिम्मेदार अधिकारी किसी अन्य बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं, तभी जाकर उनकी कुंभकर्णी नींद टूटेगी।

Related Articles

Comments

Back to Top