युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी और क्षेत्र की समस्याओं पर हुआ मंथन

लखीमपुर खीरी , 15

लखीमपुर खीरी।बुधवार को होटल कम्फर्ट इन में    मोबाइलाजिंग माइंड्स स्ट्रेंथिंग डेमोक्रेसी विषय पर  आयोजित मीटिंग में विभिन्न सामाजिक संगठनों अधिवक्ताओं, छात्र-युवाओं  ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इं. अवनीश कुमार सिंह( एमएलसी) रहे।
 युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भागीदारी बढ़ाने, उनके अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा क्षेत्रीय समस्याओं पर संवाद स्थापित करना  कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य था।  मुख्य अतिथि ने  युवाओं की भागीदारी, बाल संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने संबंधी अपने विचार साझा किए।मीटिंग  में  एम ट्रस्ट के सीईओ संजय राय ने युवाओं को सामाजिक विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज और लोकतंत्र दोनों मजबूत होंगे।
वहीं युवराजदत्त पीजी कॉलेज के प्रोफेसर संजय कुमार ने  युवाओं को मतदान, जनसरोकारों और सामाजिक नेतृत्व के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज के विकास में भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए।इस अवसर पर अधिवक्ता वीरेंद्र त्रिपाठी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं को संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी रखने पर जोर दिया।

बैठक में क्षेत्रीय शैक्षिक समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। जोगेंद्र सिंह वर्मा ने मितौली ब्लॉक के पिपरझला तथा बेहजम ब्लॉक के भुलनपुर क्षेत्र में बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बालिका इंटर कॉलेज की स्थापना की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों की बेटियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए इन क्षेत्रों में बालिका इंटर कॉलेज की स्थापना समय की आवश्यकता है।कार्यक्रम के अंत में  युवाओं की समस्याओं, उनकी लोकतांत्रिक भागीदारी तथा शिक्षा के विस्तार को लेकर सुझाव संकलित किए गए, जिन्हें संबंधित स्तर पर प्रस्तुत किए जाने पर सहमति बनी।

Related Articles

Comments

Back to Top