*रामलीला मैदान में नियमों को ताक पर रख चल रही प्रदर्शनी, प्रशासन मौन*
लखीमपुर खीरी Jun 03, 2026 at 06:25 PM , 23पलिया खीरी। नगर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 'विकास प्रदर्शनी' के नाम पर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन इस पूरे मामले पर मूकदर्शक बना हुआ है। गंभीर आरोपों के बाद भी अभी तक जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग में गहरा आक्रोश है।आरोप है कि भगवान श्रीराम के इस पावन परिसर में 'जलपरी शो' के नाम पर अश्लीलता परोसी जा रही है, जिसके लिए बाकायदा टिकट वसूला जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील प्रदर्शन को लेकर कड़े सरकारी निर्देश होने के बावजूद पलिया में स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की चुप्पी पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।सिर्फ मर्यादा ही नहीं, बल्कि यहां आने वाले हजारों लोगों की सुरक्षा को भी भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। नियमों के मुताबिक, प्रदर्शनी में लगे बड़े झूलों की प्रतिदिन इंजीनियर से फिटनेस जांच कराकर रिपोर्ट जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी कार्यालय को देनी होती है। मगर, बिना किसी दैनिक जांच के धड़ल्ले से ये खतरनाक झूले चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा परिसर में आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम, पीने का साफ पानी और महिलाओं के लिए शौचालय जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं भी नदारद हैं।बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करते हुए यहां घटिया व प्रतिबंधित मिल्क पाउडर से बनी सॉफ्टी आइसक्रीम बेची जा रही है, जिस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने अब तक आंखें मूंद रखी हैं। सबसे चौंकाने वाला मामला एनसीसी (NCC) छात्रों को कथित तौर पर बाउंसर की पोशाक पहनाकर देर रात तक ड्यूटी कराने का है, जिस पर भी कोई प्रशासनिक संज्ञान नहीं लिया गया है। बार-बार उठ रही मांगों के बाद भी जिला व स्थानीय प्रशासन की इस निष्क्रियता से जनता की जान को खतरे में डाला जा रहा है।































Comments