यूपी आबकारी विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 119 एक्साइज इंस्पेक्टरों के तबादले, विभाग में मची हलचल
लखनऊ May 31, 2026 at 04:12 PM , 78लखनऊ। उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 119 आबकारी निरीक्षकों (एक्साइज इंस्पेक्टर) के तबादले कर दिए गए हैं। विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के बाद प्रदेशभर के आबकारी महकमे में हलचल तेज हो गई है। यह कार्रवाई शासन की स्थानांतरण नीति 2026-27 के तहत की गई है।
सूत्रों के अनुसार लंबे समय से एक ही जनपद या क्षेत्र में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विभाग का मानना है कि इससे प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ेगी, कार्यप्रणाली में सुधार होगा और राजस्व संग्रह व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
आबकारी विभाग प्रदेश सरकार के राजस्व का प्रमुख स्रोत माना जाता है। ऐसे में बड़ी संख्या में अधिकारियों के तबादले को विभागीय व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और क्षेत्रीय स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि स्थानांतरण सूची में विभिन्न जिलों, प्रवर्तन इकाइयों और महत्वपूर्ण आबकारी क्षेत्रों में तैनात निरीक्षक शामिल हैं। आदेश जारी होने के बाद संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यमुक्त होकर नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभागीय जानकारों का मानना है कि आगामी महीनों में अवैध शराब की रोकथाम, राजस्व वृद्धि और प्रवर्तन कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह तबादला अभियान महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।































Comments