रामनगर खुर्द में स्कूल भवन निर्माण में घोटाले का आरोप, घटिया सामग्री और ठेकेदारी प्रथा से काम कराने का आरोप

लखीमपुर खीरी , 58

(हरिशंकर मिश्र)

*लखीमपुर खीरी।* ब्लॉक फूलबेहड़ के ग्राम रामनगर खुर्द में निर्माणाधीन सरकारी प्राथमिक विद्यालय के भवन को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक राजीव कुमार यादव पर लगभग 22 लाख रुपये की लागत से बन रहे विद्यालय भवन में मानकविहीन सामग्री लगाने और धन के गबन का आरोप लगाया है।

*ग्रामीणों ने लगाए ये आरोप:*   ग्रामीणों का आरोप है कि भवन की नींव में नाममात्र की खुदाई की गई है। निर्माण में घटिया क्वालिटी की सीमेंट, बालू और सरिया का प्रयोग किया जा रहा है। मसाले में सीमेंट का अनुपात तय मानक से काफी कम है। नियमानुसार निर्माण कार्य विद्यालय प्रबंध समिति की देखरेख में होना चाहिए। आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने नियमों को ताक पर रखकर काम एक निजी ठेकेदार को दे दिया है। निर्माण से पहले पुराने स्कूल भवन की ईंटों की नीलामी की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि चहेतों को कम दाम में ईंटें देकर कमीशन लिया गया, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान हुआ।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि प्रधानाध्यापक नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
रामनगर खुर्द के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी लखीमपुर खीरी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उनकी मांग है कि तकनीकी टीम भेजकर निर्माण की गुणवत्ता, प्रयुक्त सामग्री और खर्च का सत्यापन कराया जाए। दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ रिकवरी और कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाए।
परिषदीय विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग के मानक तय हैं। नींव की गहराई, सीमेंट-कंक्रीट का अनुपात, सरिया की मोटाई सब कुछ एस्टीमेट में दर्ज होता है। निर्माण कार्य में ठेकेदारी प्रथा पूरी तरह प्रतिबंधित है। पुराने भवन की सामग्री की नीलामी पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए।

Related Articles

Comments

Back to Top