*अवैध खनन का बड़ा खुलासा, वायरल ऑडियो में पुलिस-वन विभाग तक पैसे पहुंचाने का दावा*

लखीमपुर खीरी , 56

*बैजनाथ पूरवा निवासी बुल्लू उर्फ जौहर अली पर जौराहा नाले पर वर्षों से खनन का आरोप*  

*निघासन, खीरी।* लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर एक बार फिर बड़ा खुलासा सामने आया है। आरोप है कि बैजनाथ पूरवा निवासी बुल्लू उर्फ जौहर अली वर्षों से जौराहा नाले के कई घाटों पर अवैध खनन का खेल चला रहा है। वायरल ऑडियो में पुलिस, वन विभाग और कथित दलालों तक पैसे पहुंचाने की बातें सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। ऑडियो में जौहर अली खुद कई वर्षों से खनन कराने की बात स्वीकार करता सुनाई दे रहा है। इतना ही नहीं, थाना सिंगाही-तिकुनिया पुलिस और वन विभाग तक पैसे पहुंचाने के दावे भी किए जा रहे हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।  
सूत्रों के मुताबिक जौहर अली दरेहटी घाट और पोखरी गांव के कटका घाट समेत कई स्थानों पर अपना दबदबा बनाए हुए है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन माफिया गरीब ग्रामीणों और नाबालिग बच्चों तक को इस अवैध कारोबार में धकेल रहा है। वहीं अगर कोई व्यक्ति अपने घरेलू काम के लिए थोड़ी बालू ले जाए तो उससे वसूली और प्रताड़ना की जाती है। बैलगाड़ी से बालू निकालने वालों से मोटी रकम लेकर ही घाटों पर काम करने दिया जाता है।  सूत्र बताते हैं कि जावेद खान और मुन्ना नाम के लोगों के जरिए कथित तौर पर अवैध वसूली और सेटिंग का खेल चलता है। वहीं गुलामुद्दीन नाम का व्यक्ति भी वन विभाग की छवि धूमिल करने और पूरे नेटवर्क को संरक्षण देने में सक्रिय बताया जा रहा है।  
 सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर वर्षों से अवैध खनन जारी था तो जिम्मेदार विभाग अब तक कार्रवाई क्यों नहीं कर सके। वायरल ऑडियो ने पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।  

फिलहाल मामला चर्चाओं में है और क्षेत्रीय जनता निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है।

Related Articles

Comments

Back to Top