मालपुर में आग का तांडव चंद मिनटों में राख हुए आठ छप्पर, भीरा पुलिस ने संभाला मोर्चा
लखीमपुर खीरी May 23, 2026 at 07:25 PM , 56लखीमपुर खीरी के मालपुर गांव में शनिवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने पूरे गांव में अफरा-तफरी मचा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आठ छप्पर जलकर राख हो गए। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देख गांव में चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि आग रामविलास पुत्र कंधई के घर से शुरू हुई और तेज हवा के चलते तेजी से आसपास के घरों तक पहुंच गई। आग की चपेट में आने से घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई, जरूरी कागजात समेत हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भीरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। भीरा पुलिस के जाबांज सिपाहियों ने अपने हमराहियों के साथ ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का मोर्चा संभाल लिया। पुलिसकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और आग को फैलने से रोकने में अहम भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने भी बाल्टियों और पानी के अन्य साधनों से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
हादसे के दौरान महिलाएं और बच्चे बदहवास होकर घरों से सामान बचाने की कोशिश करते नजर आए। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई, लेकिन कई परिवारों की जिंदगी भर की कमाई पलभर में राख हो गई।
सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल पंकज कुमार भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेजकर पीड़ित परिवारों को जल्द आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही है।
पीड़ितों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, क्योंकि आग ने गरीब परिवारों के सिर से छत छीन ली है।






_page-0001.jpg)
























Comments