*नगरपालिका की लापरवाही: 24 घंटे बाद भी नहीं भरा सड़क पर खोदा गड्ढा*

लखीमपुर खीरी , 139

*सेठघाट रोड पर हादसे को दावत दे रहा गहरा गड्ढा, जाम और दुर्घटना का खतरा*  

(सुनील शर्मा)

*लखीमपुर खीरी।* नगर पालिका परिषद की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मेला मैदान जाने वाले सेठघाट रोड पर पुराना होमगार्ड ऑफिस के पास चौराहे पर 20 मई को पानी की टंकी लीकेज ठीक करने के लिए सड़क की गहरी खुदाई कराई गई थी। लेकिन 21 मई तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। 

*हादसे का इंतजार कर रही पालिका:* स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका गड्ढा तो खुदवा देती है, लेकिन उसके बाद यह इंतजार करती है कि इसमें गिरकर आमजन को गंभीर चोट लगे, तब वह कुंभकरणी नींद से जागेगी। न तो गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है।  

*व्यस्ततम चौराहे पर खतरा:* यह चौराहा शहर के अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले इलाकों में से एक है। मेला मैदान रोड पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। लखीमपुर में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, ऐसे में खुले गड्ढे से बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। रात में यह गड्ढा और भी खतरनाक हो जाता है।  

*कब भरेगा गड्ढा, पता नहीं:* 24 घंटे बीत जाने के बाद भी नगर पालिका ने गड्ढे को भरने की कोई पहल नहीं की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह भी तय नहीं है कि कब तक यह गड्ढा भरा जाएगा और कब तक लोग इसमें गिरकर चोटिल होते रहेंगे।  

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर गड्ढे को भरवाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top