दर्दनाक हादसा: मछली पकड़ने गए व्यक्ति की उल्ल नदी में डूबकर मौत

लखीमपुर खीरी , 85

लखीमपुर खीरी शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मछली पकड़ने गए एक व्यक्ति की उल्ल नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना शहर के सेठ घाट की है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नदी किनारे एकत्र हो गए। वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामजी कनौजिया पुत्र रामस्वरूप उम्र करीब 50 वर्ष निवासी मोहल्ला अर्जुन पुरवा, लखीमपुर शहर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामजी कनौजिया बुधवार को सेठ घाट स्थित उल्ल नदी में मछली का शिकार करने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मामले की जानकारी देते हुए सेठ घाट चौकी प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मृतक रामजी कनौजिया की नदी में डूबने से मौत हुई है। परिजनों को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए अवगत करा दिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Comments

Back to Top