बाइक टक्कर बनी खूनी रंजिश की वजह, बीच-बचाव करने आई महिला की पीट-पीटकर हत्या;
लखीमपुर खीरी Mar 30, 2026 at 06:55 PM , 100हैदराबाद थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भेज जेल, मुख्य आरोपी फरार,
गोला गोकर्णनाथ खीरी, थाना हैदराबाद के अज़ान चौकी क्षेत्र अंतर्गत बघमरा गांव में शुक्रवार देर रात हुई एक मामूली बाइक टक्कर खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद में बीच-बचाव करने पहुंची 50 वर्षीय महिला कमला देवी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतका की पुत्री शीला यादव की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।
जानकारी के अनुसार, मुंडा जवाहर निवासी अनुराग गौतम पुत्र संतोष कुमार किसी काम से बाइक से बघमरा गांव आया था। गांव के दक्षिण छोर पर चमन यादव अपने खेत पर बने मकान के पास खड़ा था, तभी अनुराग की बाइक उससे टकरा गई। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई।
शोर-शराबा सुनकर पड़ोस में रहने वाले मिश्रीलाल, पंकज, दिनेश और बसंत कुमार (सभी पुत्र बाबूराम, निवासी बघमरा) मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि मृतका कमला देवी के परिवार और इन पड़ोसियों के बीच जमीन को लेकर पहले से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते बीच-बचाव के दौरान ही दोनों पक्षों में कहासुनी तेज हो गई।
विवाद की सूचना पर चमन यादव की मां कमला देवी और बड़ा बेटा रेशम सिंह यादव भी मौके पर आ गए। आरोप है कि पहले से लाठी-डंडों से लैस पंकज, दिनेश, बसंत और मिश्रीलाल ने उन पर हमला बोल दिया। मारपीट में कमला देवी को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ीं। परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने मुकदमा दर्ज होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद शनिवार देर शाम पुलिस ने शीला यादव की तहरीर के आधार पर अनुराग गौतम तथा बसंत, पंकज, दिनेश और मिश्रीलाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 103, 115, 191, 190, 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
सोमवार को हैदराबाद पुलिस ने आरोपी दिनेश कुमार, पंकज कुमार, बसंत कुमार और मिश्रीलाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुनील मलिक, कांस्टेबल संजीव यादव, नीरज यादव, कन्हैया तेजयान, प्रेमशंकर और विपिन कुमार शामिल रहे। वहीं पुलिस फरार आरोपी अनुराग गौतम की तलाश में दबिश दे रही है।






_page-0001.jpg)
























Comments