बाइक टकराव के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष, बीच-बचाव करने आई महिला की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, गांव में पुलिस तैनात

लखीमपुर खीरी , 109

गोला गोकर्णनाथ (खीरी)। थाना हैदराबाद की अज़ान चौकी क्षेत्र के बघमरा गांव में बीती रात एक मामूली बाइक टकराव ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के विवाद में बीच-बचाव करने पहुंची 50 वर्षीय महिला कमला देवी की लाठी-डंडों से पिटाई के बाद मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए हैदराबाद पुलिस गांव में तैनात कर दी गई है।

ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, मुड़ा जवाहर निवासी अनुराग गौतम पुत्र संतोष कुमार किसी काम से बाइक से बघमरा गांव आया था। गांव के दक्षिणी छोर पर चमन यादव अपने झाले (खेत पर बने मकान) के पास खड़ा था, तभी अनुराग की बाइक उससे टकरा गई। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले मिश्रीलाल, पंकज, दिनेश और बसंत (सभी पुत्र बाबूराम पासी, निवासी बघमरा) बीच-बचाव करने पहुंचे। बताया जा रहा है कि मृतका कमला देवी के परिवार और इन पड़ोसियों के बीच जमीन को लेकर पहले से पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसके चलते बीच-बचाव के दौरान ही दोनों पक्षों में कहासुनी तेज हो गई।

इसी बीच चमन यादव के घर विवाद की सूचना पहुंची तो उसकी मां कमला देवी और बड़ा बेटा रेशम सिंह यादव भी मौके पर आ गए। आरोप है कि पहले से लाठी-डंडों से लैस पंकज, दिनेश, मिश्रीलाल, बसंत आदि ने उन पर हमला बोल दिया। मारपीट में कमला देवी को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ीं।

सूचना पर डायल 112 की टीम पहुंची और स्थिति को संभालते हुए थाना प्रभारी हैदराबाद को बुलाया। घायल कमला देवी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही हैदराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

इस संबंध में थाना प्रभारी हैदराबाद सुनील मलिक ने बताया कि "मृतक महिला का शव पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। अभी तक मृतका के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।"

फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है और हालात पर नजर रखे हुए है।

Related Articles

Comments

Back to Top