*खौलती कढ़ाई में गिरने से मजदूर की मौत, वायरल वीडियो ने बढ़ाए सवाल*
लखीमपुर खीरी Mar 25, 2026 at 07:25 PM , 151जनपद लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव निवासी मजदूर कुलदीप गौतम, जो गांव के ही साजिद के कोल्हू पर काम करता था, 11 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में खौलती कढ़ाई में गिरकर गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद उसे गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है।
मामले में एक नया मोड़ तब आया जब पीड़ित को अस्पताल ले जाते समय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में घायल कुलदीप यह कहते सुनाई दे रहा है—
"चप्पल रपट गई, धोखा हो गई गवा..."
इस बयान के बाद घटना को लेकर कई तरह के सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
हालांकि, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मजदूरी के विवाद में कुलदीप के साथ मारपीट की गई और उसे जानबूझकर खौलती कढ़ाई में धकेला गया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी साजिद को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मौके से ही पुलिस अधिकारियों को फोन कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कुर्की और गैंगस्टर जैसी कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है।






_page-0001.jpg)
























Comments