नाली-खड़ंजा की मांग को लेकर पेड़ पर चढ़े वार्ड सदस्य, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उतारा

लखीमपुर खीरी , 90

मैगलगंज (खीरी): विकास कार्यों की अनदेखी से क्षुब्ध होकर जनप्रतिनिधियों द्वारा अनोखे प्रदर्शन के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं, लेकिन सोमवार को ग्राम पंचायत खखरा में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। मढिया घाट मार्ग स्थित इस गांव के वार्ड संख्या 15 के सदस्य महात्मा रछपाल अपनी मांगों को लेकर अचानक पेड़ पर चढ़ गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, महात्मा रछपाल लंबे समय से अपने क्षेत्र में नाली और खड़ंजा निर्माण की मांग कर रहे थे। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब प्रशासन ने सुध नहीं ली, तो उनका धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित होकर वे पेड़ पर जा बैठे। ग्रामीणों ने उन्हें नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पेड़ पर चढ़े रछपाल को समझाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर तक चली समझाइश और आश्वासन के बाद पुलिस उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
व्रत के दौरान उठाया यह कदम,हैरानी की बात यह है कि महात्मा रछपाल इन दिनों नवरात्र का व्रत रखे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे पहले भी मूलभूत सुविधाओं के लिए कई बार अनशन और प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान न होने से वे काफी आहत थे।

प्रशासन से समाधान की मांग
इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामीणों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाली और खड़ंजा निर्माण शुरू कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Comments

Back to Top