तेंदुए के हमले से किसान घायल

लखीमपुर खीरी , 95

निघासन खीरी।  निघासन वन रेंज के रननगर गांव में एक किसान के भूसा गोदाम में घुसे तेंदुए ने किसान पर हमला कर दिया। हमले में किसान का एक हाथ घायल हो गया। बताया जा रहा है कि करीब तीन घंटे से तेंदुआ गोदाम में ही छिपा हुआ है। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है।जानकारी के अनुसार रन नगर गांव निवासी राजन शर्मा के फार्म हाउस में मवेशियों के लिए रखे गए भूसे के गोदाम में कुछ लोगों ने तेंदुए को घुसते देखा। इसकी सूचना मिलने पर किसान राजन शर्मा भी वहां पहुंच गए और तेंदुए को तलाशने के लिए गोदाम के अंदर चले गए।
जैसे ही उन्होंने तेंदुए को देखा और उसका वीडियो बनाने की कोशिश की, वैसे ही तेंदुए ने उनके हाथ पर झपट्टा मार दिया। तेंदुए के हमले के बाद राजन शर्मा किसी तरह खुद को बचाते हुए गोदाम से बाहर भाग आए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।घायल किसान राजन शर्मा ने बताया कि लोगों से सूचना मिलने के बाद वह गोदाम के अंदर तेंदुए को देखने गए थे। जैसे ही उन्होंने वीडियो बनाने की कोशिश की, छिपे बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। किसी तरह वह मौके से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। फिलहाल तेंदुआ अब भी गोदाम के अंदर मौजूद बताया जा रहा है।तिकुनिया कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों को दूर रखा गया है। वहीं रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top