एसडीएम पर गलत स्थगन आदेश देने का आरोप विधायक पर भी गंभीर आरोप

लखीमपुर खीरी , 148

(मनोज मिश्र/हरिशंकर मिश्र) 

धौरहरा खीरी। तहसील धौरहरा क्षेत्र के समैसा गांव के एक पीड़ित किसान ने एसडीएम धौरहरा और क्षेत्रीय विधायक पर  गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय न मिलने पर आत्महत्या करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। 

पीड़ित रामप्रकाश का आरोप है कि रसूखदारों के आगे बेबस एसडीएम धौरहरा ने गरीब किसान की पुस्तैनी जमीन पर गलत तरीके से स्थगन आदेश दे दिया है। पीड़ित थक हार कर शनिवार को अपनी पत्नी बच्चों के साथ डीएम से मिलने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचा। पीड़ित ने डीएम खीरी के दरबार में पहुंच कर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित किसान ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर बताया कि न्याय न मिलने पर हम परिवार सहित आत्महत्या कर लेंगे।
पीड़ित ने बताया कि हमारे पास बैनामा,चकबंदी के कागज,सहित नायब तहसीलदार, कानूनगो लेखपाल की आख्या है फिर भी एसडीएम ने गलत तरीके से स्थगन आदेश कर दिया है।पीड़ित का आरोप है कि एसडीएम ने विधायक के दबाव में स्थगन आदेश किया है। पीड़ित के अनुसार एसडीएम उससे कह रहे हैं कि तुम विधायक से मिलो। पीड़ित किसान ने विपक्षियों को संरक्षण देने का एसडीएम और विधायक पर  गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित किसान का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
एसडीएम धौरहरा शशिकांत मणि ने बताया कि दोनों पक्ष मौके पर क़ब्ज़े को लेकर संघर्षरत थे इसलिए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसा किया गया है दोनों पक्षों को सुनकर जो सही होगा उसको मिलेगा स्थगन आदेश निरस्त कर दिया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top