तहसील परिसर की जर्जर सड़क से आमजन परेशान, मरम्मत की उठी मांग
लखीमपुर खीरी Mar 14, 2026 at 07:01 PM , 105लखीमपुर-खीरी।गोला तहसील परिसर की मुख्य सड़क पिछले काफी समय से बदहाल स्थिति में पड़ी हुई है, जिससे प्रतिदिन तहसील आने वाले आम नागरिकों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादकारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे लोगों को पैदल चलने और वाहनों से आने-जाने में कठिनाई हो रही है।तहसील परिसर जनपद के महत्वपूर्ण प्रशासनिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग अपने विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं। लेकिन सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में सड़क पर पानी भर जाता है और कीचड़ फैल जाता है, जिससे स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। कई बार लोग फिसलकर गिर भी जाते हैं और वाहन चालकों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों और वही महामंत्री सेंट्रल बार एसोसिएशन गोला संदीप कुमार अवस्थी का कहना है कि तहसील परिसर की सड़क की खराब स्थिति की जानकारी कई बार जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को दी जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक सड़क की मरम्मत या निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
वही लोगों का कहना है कि सरकार जहां विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात करती है और प्रदेश में सड़क निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, वहीं तहसील जैसे महत्वपूर्ण स्थान की सड़क का यह हाल सरकार की छवि को भी प्रभावित कर रहा है। यदि समय रहते इस सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले समय में समस्या और गंभीर हो सकती है। सोशल मीडिया के माध्यम से संदीप कुमार अवस्थी ने गोला के विधायक अमन अरविन्द गिरि, एमएलसी अनूप गुप्ता तथा खीरी के सांसद उत्कर्ष वर्मा से मांग की है कि वे इस सड़क के निर्माण या मरम्मत के लिए अपनी निधि से सहयोग प्रदान करें, ताकि तहसील आने वाली आम जनता को राहत मिल सके और आवागमन सुगम हो सके।स्थानीय नागरिकों, अधिवक्ताओं और सामाजिक संगठनों ने उम्मीद जताई है कि इस जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दे पर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि जल्द ही संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे और तहसील परिसर की सड़क का निर्माण या मरम्मत कराकर आमजन को राहत दिलाएंगे।






_page-0001.jpg)
























Comments