शीरा टैंकर-बाइक भिड़ंत में व्यक्ति की मौत

लखीमपुर खीरी , 67

मोहम्मदी खीरी। मोहम्मदी-पसगवां मार्ग पर शनिवार को शीरा टैंकर और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। यह हादसा झिंगुरी पुरवा चौराहे के पास हुआ।मृतक की पहचान थाना मोहम्मदी क्षेत्र के ग्राम मानेपारा निवासी 55 वर्षीय सुरेंद्र  पुत्र रामेश्वर दयाल के रूप में हुई है। सुरेंद्र अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित शीरा टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मार्ग पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भागने की कोशिश कर रहे शीरा टैंकर (संख्या: UP25BT2950) को शंकरपुर चौराहे के पास घेराबंदी कर कब्जे में ले लिया। टैंकर को थाने में खड़ा कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने मृतक सुरेंद्र के शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पसगवां पहुंचाया। मृतक के गांव मानेपारा में खबर पहुंचते ही परिजनों में शोक छा गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Related Articles

Comments

Back to Top